• Tue. Mar 31st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार: किशनगंज SDPO गौतम कुमार के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी, करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है, जिसके बाद पूरे बिहार में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि किशनगंज में पदस्थापित SDPO गौतम कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार सुबह से किशनगंज, पूर्णिया, पटना समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी जारी है।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आलीशान आवास पर विजिलेंस की टीम सुबह से ही दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है। इसके अलावा किशनगंज स्थित सरकारी आवास, मधुबनी स्थित ससुराल, भागलपुर, सिलीगुड़ी तथा पूर्णिया के माधोपारा में उनके एक करीबी के ठिकाने पर भी एक साथ कार्रवाई जारी है।

छापेमारी के दौरान अब तक कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, जमीन निवेश से संबंधित कागजात और करोड़ों रुपये के जेवरात मिलने की प्रारंभिक सूचना सामने आई है। गौरतलब हो कि गौतम कुमार पर करीब 1 करोड़ 94 लाख 92 हजार 244 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई है और जब्त दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति का अंतिम आकलन सामने आएगा। फिलहाल अधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।

इस कार्रवाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश देने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *