Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पंचायत उप निर्वाचन, 2025 के सफल संचालन हेतु पदाधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग।


सारस न्यूज, किशनगंज।


किशनगंज जिला अंतर्गत पंचायत उप निर्वाचन, 2025 के लिए मतदान दिनांक 09.07.2025 को प्रातः 07:00 बजे से संध्या 05:00 बजे तक निर्धारित है। सभी पदों के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से संपन्न होगा।

जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज के निदेशानुसार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री जफर आलम द्वारा अपने कार्यालय वेश्म से पंचायत उप निर्वाचन – 2025 के सफल संचालन हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुपर जोनल दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार सिंह एवं वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री चंदन कुमार भी उपस्थित रहे।

ब्रीफिंग के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री जफर आलम ने निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता को रेखांकित करते हुए EVM संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहें एवं सेंट्रल मजिस्ट्रेट व प्रिजाइडिंग पदाधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखें। मतदान प्रतिशत की जानकारी प्रत्येक दो घंटे पर जिला नियंत्रण कक्ष को भेजना सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं – एक केंद्र के भीतर एवं दूसरा बाहर – जिससे लाइव वेबकास्टिंग की जा रही है। साथ ही, सभी सुपर जोनल एवं जोनल मजिस्ट्रेट को आज से ही क्षेत्र भ्रमण आरंभ करने एवं यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी प्रिजाइडिंग ऑफिसर समय पर मतदान केंद्रों पर उपस्थित हों।

मतदान के उपरांत सभी शील्ड EVM को संबंधित प्रखंड मुख्यालय में अवस्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रूप से जमा कराने का निर्देश भी दिया गया है।

इस उप निर्वाचन में 63 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जो निम्न प्रखंडों में स्थित हैं:

किशनगंज प्रखंड: 13 केंद्र
कोचाधामन: 18 केंद्र
ठाकुरगंज: 02 केंद्र
दिघलबैंक: 11 केंद्र
टेढ़ागाछ: 19 केंद्र
(पोठिया एवं बहादुरगंज प्रखंड में मतदान नहीं हो रहा है।)

निर्वाचन कुल 18 रिक्त पदों हेतु कराया जा रहा है, जिनमें सम्मिलित हैं:

  • 2 मुखिया
  • 2 पंचायत समिति सदस्य
  • 9 ग्राम पंचायत सदस्य
  • 5 ग्राम कचहरी सदस्य

सुनियोजित निर्वाचन संचालन हेतु प्रशासनिक प्रबंध निम्नानुसार किए गए हैं:

  • सुपर जोनल पदाधिकारी: 05
  • सुरक्षित सुपर जोनल: 02
  • जोनल पदाधिकारी: 15
  • सुरक्षित जोनल पदाधिकारी: 05
  • सुरक्षित पुलिस पदाधिकारी: 05
  • सेक्टर मजिस्ट्रेट: 19

निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या आपात स्थिति में निम्न नियंत्रण कक्षों से संपर्क किया जा सकता है:

  • जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या: 6299989140
  • अनुमंडल नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या: 06456-222400

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *