• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ईद मिलाद–उन–नबी और विश्वकर्मा पूजा 2024 के लिए 316 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

जिलाधिकारी ने ईद मिलाद–उन–नबी एंव विश्वकर्मा पूजा, 2024 से संबंधित विधि व्यवस्था को लेकर किया ब्रीफिंग

जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार की अध्यक्षता में आगामी ईद मिलाद–उन–नबी और विश्वकर्मा पूजा को लेकर विधि व्यवस्था संबंधित ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ईद मिलाद–उन–नबी का पर्व 16 सितंबर 2024 और विश्वकर्मा पूजा 17 सितंबर 2024 को मनाया जाएगा।

ईद मिलाद–उन–नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर मनाया जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग जलसे का आयोजन करते हैं, कुरान शरीफ का पाठ किया जाता है, और पैगंबर साहब के सम्मान में उनके बारे में चर्चा की जाती है। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जुलूस का भी आयोजन किया जाता है।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाती है। कई स्थानों पर पंडाल भी लगाए जाते हैं। पूजा के अगले दिन मूर्ति का विसर्जन पास के तालाब, पोखर या नदियों में जुलूस के रूप में किया जाता है।

इन पर्वों के दौरान जुलूस में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक उन्माद फैलाने वाले नारे लगाए जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, जिससे विधि व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

इन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेशानुसार कुल 316 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, और थाना अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सख्त निगरानी रखें।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले और अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

जिला संयुक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुप्त सूचना संग्रहण स्थानीय पदाधिकारी की जिम्मेदारी होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर किसी प्रकार की महत्वपूर्ण सूचना मिलती है, तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए और इसकी सूचना एसडीएम और डीएसपी को दी जाए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना अध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर अपने क्षेत्रों में इन पर्वों को शांतिपूर्ण संपन्न कराएं। किसी भी तनाव या घटना की सूचना मिलते ही तत्काल स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

समाहरणालय में 15 से 19 सितंबर 2024 तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या 06456-225152 है।

ईद मिलाद–उन–नबी के अवसर पर दो जुलूस निकाले जाएंगे, जिनके रूट मैप तैयार कर लिए गए हैं। जुलूस जिन क्षेत्रों से गुजरेंगे, वहां सुरक्षा कारणों से बिजली काटी जाएगी।

उक्त पर्व के दौरान वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में अमरेंद्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता, और अशोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुo) नियुक्त रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *