• Wed. Apr 1st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला प्रशासन ने अवैध खनन पर कसा शिकंजा, 25 वाहन जब्त, 61 लाख से अधिक जुर्माना।

ByHoor Fatma

Jan 29, 2026

सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज: जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया है। जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने सभी थाना क्षेत्रों के सहयोग से लगातार छापेमारी की।

बीते एक सप्ताह में की गई कार्रवाई के दौरान बिहार खनिज नियमावली 2024 के तहत कुल 25 वाहनों को जब्त किया गया और उन पर 61 लाख 34 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जब्त वाहनों में 20 ट्रैक्टर शामिल हैं, जिन पर 21 लाख रुपये, जबकि हाइवा, पोकलेन सहित 5 बड़े वाहनों पर 40 लाख रुपये का दंड लगाया गया है।

खनन विभाग को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए दंड मद में 434.92 लाख रुपये का लक्ष्य मिला है, जिसमें अब तक 370.64 लाख रुपये की वसूली कर ली गई है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 75 प्रतिशत है।

इसी क्रम में 28 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र में जिला खनन पदाधिकारी, थाना पुलिस और अंचलाधिकारी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हाइवा, एक पोकलेन और एक मोटर ग्रेडर को जब्त किया। इन वाहनों पर कुल 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन से जुड़ी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *