सारस न्यूज़, किशनगंज।
आगामी बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने की।
बैठक में विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारी से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कोषांग अपनी कार्ययोजना समयबद्ध तरीके से पूर्ण करे तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करे।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि—
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केन्द्रों का मानचित्रण (AC-wise बूथ मैप) शीघ्र तैयार हो।
- कार्मिकों की संख्या एवं उपलब्धता का वास्तविक आकलन किया जाए।
- किसी भी सरकारी कर्मी की ड्यूटी उसके कार्यरत प्रखंड में न लगाई जाए।
कार्मिक कोषांग को सभी कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा गया। साथ ही सभी विभागों को अपनी-अपनी गार्ड फाइल तैयार रखने तथा चुनावी कार्यों को सक्रियता के साथ आगे बढ़ाने का निदेश दिया गया।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण हेतु विद्यालयों की सूची तैयार कर ली गई है और शीघ्र ही कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा। वहीं, परिवहन कोषांग की समीक्षा के दौरान आवश्यक वाहनों की उपलब्धता, PSL हेतु अलग-अलग वाहन तथा परिवहन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात पर बल दिया गया।
बैठक में ईवीएम (EVM) से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक AMF केंद्र पर मूलभूत सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अंत में, जिला पदाधिकारी ने सभी नोडल पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने कोषांग से जुड़े सभी कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित करें और चुनावी दायित्वों को पूरी गंभीरता व पारदर्शिता के साथ निभाएँ।
बैठक में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
