• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ पहल के तहत डीएम ने सुनी आम जनता की शिकायतें।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

बिहार सरकार की सात निश्चय–3 योजना के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सके और सरकारी सेवाओं तक आमजन की सहज पहुंच सुनिश्चित हो।

उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण कर शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्ट तैयार करने को भी अनिवार्य किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय अधिकारी को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को किसी भी परिस्थिति में असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारण से संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित हों, तो अधिकृत वैकल्पिक अधिकारी जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले पदाधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *