• Sun. Feb 15th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नए साल के जश्न में डूबे जिलेवासी, पिकनिक स्थलों पर उमड़ी भीड़।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

सीमावर्ती किशनगंज जिले में गुरुवार को अंग्रेजी नववर्ष शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी। एसपी सागर कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे थे।

नए साल को लेकर जिले के तमाम पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गौरतलब है कि बुधवार रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजे पर पहुंची, उसके बाद जश्न का दौर शुरू हो गया। नए साल के स्वागत में जिलेवासियों ने जमकर आतिशबाजी की।

वहीं गुरुवार सुबह पूजा-अर्चना हेतु मंदिरों में भीड़ देखी गई। नए साल पर शहर के बूढ़ी काली मंदिर, रेलवे कॉलोनी हनुमान मंदिर, उत्तर पल्ली दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर समेत तमाम मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। जहां पहुंचे भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इधर पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। नए साल के जश्न में हुड़दंग मचाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर थी।

विशेष रूप से महिला से छेड़खानी करने वालों पर भी पुलिस की नजर रही। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई किए जाने को लेकर सादे लिबास में पुलिस की तैनाती की गई थी। महिला पुलिस की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। दोपहर में जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार स्वयं ओदरा घाट पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने जिलेवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *