सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के तहत लागू किए जा रहे संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विशाल राज ने आम नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार को वे अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। इन दिनों आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी कार्यालयों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का नियमित रखरखाव करते हुए लोगों की शिकायतों को दर्ज करने और उनके समाधान की समयसीमा तय करने को कहा गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालयों में आने वाले लोगों की संख्या का रिकॉर्ड तैयार करने और उसकी रिपोर्टिंग करने का भी निर्देश दिया गया है। यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी को तुरंत अपने वरीय अधिकारी को इसकी जानकारी देनी होगी।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश संबंधित अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं, तो उनकी जगह अधिकृत अधिकारी आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों की जिम्मेदारी है, उन्हें सोमवार और शुक्रवार को तय समय के अनुसार सभी कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों से मिलने को कहा गया है।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया या अधिकृत अधिकारी भी कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।
