सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के तहत सातवें संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

डीएम ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को वे अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपलब्ध रहें, ताकि आम लोगों की शिकायतों का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

इसके साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण कर प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं उनके समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में आगंतुकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी अनुपस्थित हों, तो अधिकृत अधिकारी उनकी जगह आमजन से मिलकर समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से संवाद सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी या अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
