सारस न्यूज़, किशनगंज।
बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल सातवें संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विशाल राज ने समाहरणालय परिसर में आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरल और सुगम सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार—अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके तहत आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं प्रत्येक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण किया जाए, जिसमें आने वाले लोगों की समस्याओं और शिकायतों का विवरण दर्ज किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इन शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर के सभी कार्यालयों को प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या और उनकी समस्याओं से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी। यदि किसी प्रकार की जटिल स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल अपने वरीय अधिकारी को इसकी सूचना देंगे।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारण से संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत अधिकारी नागरिकों से मिलकर उनकी शिकायतों को सुनेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार है, वे सोमवार और शुक्रवार को समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करें और आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर और प्रभावी तरीके से हो सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों की अनदेखी की जाती है या निर्धारित दिनों में कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
