सारस न्यूज, वेब डेस्क।
समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने स्थापना, सामान्य एवं नीलाम प्रशाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यप्रणाली और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्थापना प्रशाखा में लॉक बुक, आगत-निर्गत पंजी और रक्षी संचिका की जांच की। साथ ही पूर्व में आयुक्त द्वारा किए गए निरीक्षण के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
सामान्य प्रशाखा के निरीक्षण में भी अभिलेखों के नियमित संधारण और कार्यालय व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया कि सभी रजिस्टर समय पर अपडेट हों और कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
वहीं, नीलाम प्रशाखा के निरीक्षण के दौरान नीलाम प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों, रजिस्टर-IX एवं X के मिलान और अन्य अभिलेखों की जांच की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नीलाम प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखे जाएं।
निरीक्षण के क्रम में बीसीडी के सहायक अभियंता मो. जहांगीर अहमद को नीलाम प्रशाखा में रखे अलमीरा की मरम्मत शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया, ताकि संचिकाओं का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित हो सके। साथ ही समाहरणालय के बाहरी बरामदे की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य दो दिनों के भीतर पूरा करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने अंत में सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों का अद्यतन रख-रखाव और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य संस्कृति में सुधार लाया जाए।
