• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

हल्की बारिश के साथ नगर क्षेत्र के कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न।

सारस न्यूज़, बहादुरगंज, किशनगंज।

बरसात के मौसम के आगमन के साथ ही बहादुरगंज नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या आम लोगों के लिए एक बड़ी परेशानी बन गई है। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण शिक्षक कॉलोनी, सुभाष नगर, मजार रोड और अन्य कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति विकराल हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कें धीरे-धीरे तालाब में तब्दील हो रही हैं, जिससे आवाजाही करने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण लोगों को कीचड़ भरे पानी से गुजरना मजबूरी बन गई है।

सूत्रों के अनुसार, नगर क्षेत्र के अधिकांश वार्डों की सड़कों पर जल निकासी के लिए नालों का निर्माण नहीं हुआ है। साथ ही, पहले से बने नालों की सफाई भी नियमित रूप से नहीं की जा रही है, जिसके कारण जल निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप, हल्की बारिश के बाद ही लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ता है, और आवागमन में असुविधा होती है। इस स्थिति के कारण नगर प्रशासन के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

इस विषय पर जब वार्ड पार्षद संजय भारती से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि शिक्षक कॉलोनी, सुभाष नगर और अन्य स्थानों पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार नगर कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद को लिखित और मौखिक रूप से सूचना दी है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण नाला निर्माण का कार्य नहीं कराया गया, जिससे आम जनता त्रस्त है।

वहीं, नगर कार्यपालक पदाधिकारी अतिउर रहमान ने बताया कि पूर्व में बनी सड़कों पर नाला निर्माण नहीं कराया गया है, जिसके कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। हालांकि, नगर प्रशासन द्वारा तात्कालिक व्यवस्था की जा रही है, और जल्द ही जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए चिन्हित स्थलों पर नाला निर्माण का प्रस्ताव लाकर कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *