राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
पवित्र त्योहार ईद-उल-फितर को लेकर किशनगंज शहर के बाजारों में उत्सव का माहौल है। जैसे-जैसे ईद करीब आ रही है, बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गलियों तक सुबह से देर रात तक चहल-पहल देखी जा रही है।
बाजारों में इस समय सबसे अधिक रौनक कपड़ों के शोरूम और रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर है। युवा हों या बुजुर्ग, हर कोई अपनी पसंद के कुर्ते-पजामे और फैंसी कपड़ों की खरीदारी में जुटा है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार नए ट्रेंडी डिजाइनों की काफी मांग है और वे ग्राहकों की पसंद को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
खरीदारी का आलम यह है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तिल रखने की भी जगह नहीं मिल रही है। कपड़ों के अलावा जूतों, टोपी, इत्र और सेवइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों का तांता लगा हुआ है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद है, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
ईद को लेकर उत्साह इतना अधिक है कि बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं है और व्यापारी भी इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।
