राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज में अंचल कार्यालय परिसर में रविवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं पर विभागीय उदासीनता को लेकर नाराजगी व्यक्त की और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 02 फरवरी 2026 को राज्य संघ के संयुक्त मोर्चा एवं पटना जिला संघ की कार्यकारिणी संबंधित विभाग में जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेगी तथा अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपेगी। आंदोलन के अगले चरण में 03 फरवरी 2026 को सभी जिला इकाई संघ अपने-अपने जिलों में काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 फरवरी तक विभाग द्वारा उनकी मांगों पर कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी। बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
