राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड और बहादुरगंज प्रखंड में प्रस्तावित सैन्य छावनी निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके खिलाफ आज हजारों की संख्या में किसानों ने शहर के टाउन हॉल के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
मालूम हो कि भूमि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। आयोजित धरना में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान, विधायक सरवर आलम सहित अन्य नेता मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन में शामिल किसान हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि हमारे बाप-दादा बांग्लादेश या पाकिस्तान नहीं गए, बल्कि यहां की जमीन को सींचने का काम किया है। लेकिन आज उपजाऊ जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम सेना के खिलाफ नहीं हैं, सैनिक छावनी का निर्माण हो, लेकिन ऐसे स्थान पर हो जहां आबादी कम हो।
अख्तरुल ईमान ने कहा कि यदि आगे हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में नासिक नदीर, इम्तियाज नसर, नसीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
