• Fri. Feb 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

“अग्निशमन सेवा सप्ताह” की शुरुआत पर किशनगंज में हुए विविध कार्यक्रम, शहीद अग्निशमन कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

“अग्निशमन सेवा सप्ताह” (14 अप्रैल – 20 अप्रैल 2025) के अवसर पर किशनगंज जिले में जन-जागरूकता और श्रद्धांजलि से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह सप्ताह हर वर्ष 14 अप्रैल 1944 को मुम्बई डॉक में लगी भीषण आग में शहीद हुए 66 वीर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य है — आग से सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक बनाना और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के उपायों की जानकारी देना।

प्रमुख कार्यक्रमों की झलकियाँ:

1. स्मरणोत्सव परेड:
अनुमंडल अग्निशामालय, किशनगंज परिसर में जिला अग्निशमन पदाधिकारी की उपस्थिति में एक भव्य स्मृति परेड का आयोजन किया गया। परेड में अग्निशमन कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन और सेवा भावना का परिचय दिया।

2. शहीदों को श्रद्धांजलि:
मुम्बई डॉक त्रासदी में वीरगति को प्राप्त हुए अग्निशमन योद्धाओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

3. मॉक ड्रिल:
MGM अस्पताल, माता गुजरी विश्वविद्यालय परिसर में अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आग लगने की स्थिति में त्वरित निकासी (Evacuation Plan) और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।

4. पम्पलेट एवं पिन फ्लैग वितरण:
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं नागरिकों के बीच अग्नि सुरक्षा संबंधी पम्पलेट्स और पिन फ्लैग का वितरण कर उन्हें जागरूक किया गया।

5. प्रशासनिक सहभागिता:
इस अवसर पर किशनगंज के जिलाधिकारी श्री विशाल राज, उप विकास आयुक्त श्री स्पर्श गुप्ता, आरक्षी अधीक्षक, जिला अग्निशमन पदाधिकारी समेत कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी को पिन फ्लैग पहनाकर अग्निशमन सेवा सप्ताह में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

आगामी योजनाएं:
यह सप्ताह किशनगंज जिले भर में व्यापक रूप से मनाया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल, जागरूकता रैलियाँ, पोस्टर-बैनर प्रदर्शन एवं पर्चे वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *