Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों ने लौचा पुल पर सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन।

सारस न्यूज़, बहादुरगंज, किशनगंज।

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के लौचा पंचायत से होकर बहने वाली कनकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे लौचा पंचायत के बोचागाड़ी, सातमेढी, कोलभिट्टा, तेघरिया सहित कई गांवों में पानी घुस गया है और लोगों के घरों में जलभराव हो गया है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए किशनगंज के जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें और बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर उनके भोजन और अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था करें।

इसके बावजूद, लौचा पंचायत के बाढ़ पीड़ितों को अब तक कोई सरकारी सहायता नहीं मिली है, जिससे उनमें प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश पैदा हो गया है। इसी आक्रोश के कारण आज बाढ़ पीड़ितों ने लौचा पुल पर टायर जलाकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मुखिया प्रतिनिधि अकील अंसारी ने बताया कि लौचा पंचायत के कई गांव हर साल कनकई नदी की बाढ़ और कटाव का दंश झेलते हैं। विभाग द्वारा समय पर कटाव रोधी कार्य न कराए जाने के कारण दर्जनों लोग हर साल अपने घरों को खोने के लिए मजबूर हो जाते हैं। इस साल भी कई गांवों में जलस्तर बढ़ने से पानी घरों में घुस गया है और कटाव की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई सहायता नहीं मिलने के कारण लोग बाढ़ की त्रासदी में अपना जीवन व्यतीत करने के लिए मजबूर हैं।

वहीं, अबू कलाम ने बताया कि नेपाल के तराई क्षेत्र से बहने वाली कनकई नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे पंचायत के कई गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। बोचागाड़ी और सातमेढी गांव तक जाने का रास्ता नदी के तेज बहाव में कट चुका है, जिससे इन गांवों के लोग बड़ी मुश्किल से अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। उन्होंने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि बाढ़ पीड़ितों को अनुदानित राशि सहित अन्य सरकारी लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जाएं।

इस संदर्भ में, अंचलाधिकारी बहादुरगंज ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पूरी सहायता दी जा रही है और जल्द ही बाढ़ पीड़ितों को अन्य सरकारी लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर, काफी मशक्कत के बाद, घंटों बाद आवागमन को पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *