• Tue. Mar 31st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में फुटबॉल प्रतिभाओं की तलाश, एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण योजना के तहत चयन ट्रायल संपन्न।

ByHasrat

Mar 31, 2026 #खेल

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिला प्रशासन किशनगंज, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा खेल विभाग बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत फुटबॉल चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। यह ट्रायल 30 मार्च 2026 की शाम शहीद अशफाकुल्लाह खाँ स्टेडियम, खगड़ा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस चयन प्रक्रिया में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 150 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और खेल के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम (आपदा) द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के भविष्य निर्माण का मजबूत माध्यम है और ऐसे अवसर खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

चयन के दौरान खिलाड़ियों का मूल्यांकन स्किल टेस्ट और बैटरी टेस्ट के आधार पर किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी की गई।

ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को राज्य में संचालित एकलव्य फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। वहां उन्हें निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल सामग्री, पौष्टिक भोजन, शैक्षणिक सुविधा, प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर, चिकित्सा सुविधा, बीमा तथा समग्र शारीरिक और खेल कौशल विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर एडीएम (पीजीआरओ) ने ट्रायल में सहयोग देने वाले कोचों और प्रतिनियुक्त शिक्षकों को सम्मानित किया तथा आयोजन की सफलता पर सभी को शुभकामनाएं दीं।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *