सारस न्यूज, बहादुरगंज, किशनगंज।
पुलिस अधीक्षक किशनगंज सागर कुमार झा के निर्देश पर लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन को लेकर अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज कैप्टन संजय पांडेय ने गुरुवार को बहादुरगंज थाना पहुंचकर वहां पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने एक-एक कर लंबित कांडों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान अंचल पुलिस निरीक्षक कैप्टन संजय पांडेय ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि तय समय-सीमा के भीतर कांडों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके और संबंधित आरोपियों को न्यायिक सजा मिल सके।
समीक्षा के दौरान अंचल पुलिस निरीक्षक ने वारंट, गिरफ्तारी, भूमि विवाद मामलों और गुंडा परेड की प्रगति की जानकारी लेते हुए इन कार्यों में भी तेजी लाने का निर्देश बहादुरगंज थानाध्यक्ष निशाकांत कुमार को दिया। इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं ने कांडों के निष्पादन में आ रही विभिन्न समस्याओं को अंचल पुलिस निरीक्षक के समक्ष रखा और उचित दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
इस अवसर पर बहादुरगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, पीएसआई राहुल कुमार, अर्चना कुमारी, सावित्री कुमारी, सूरज कुमार, उत्तम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
