विवेक चौधरी, सारस न्यूज़, गलगलिया।
गलगलिया में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। स्थानीय शिव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने भाग लिया। “बम बम भोले” के जयघोष और भक्तिगीतों की धुन पर पूरा इलाका शिवमय हो गया। बारात में बाबा भोलेनाथ की वेशभूषा में सजा एक नन्हा बालक आकर्षण का केंद्र बना रहा। महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। शोभायात्रा मंदिर से निकलकर घोष पारा, दरभंगिया टोला, साहनी टोला, पुराना बस स्टैंड, सुभाष नगर, पवन चौक, रेलवे गेट और झपसी टोला सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची।


इस भव्य आयोजन के दौरान ठाकुरगंज के एसडीपीओ मंगलेश सिंह की सक्रिय और सराहनीय भूमिका विशेष रूप से देखने को मिली। वे पूरे समय अपने दलबल के साथ शिव बारात में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं संभाली। उनके नेतृत्व में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने भी उनकी सजगता और तत्परता की प्रशंसा की।गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार भी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। वहीं ग्राम पंचायत भातगांव के मुखिया प्रतिनिधि बृज मोहन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-शांति की कामना की। शाम को मंदिर प्रांगण में महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने पूरे गलगलिया क्षेत्र को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया।
