सारस न्यूज़, किशनगंज।
प्रतिनिधि गलगलिया :- क्षेत्र में बढ़ते अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए गलगलिया पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए बुधवार दोपहर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेमुगुरी इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से बालू ढो रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि नेमुगुरी नदी क्षेत्र में चोरी-छिपे बालू का खनन किया जा रहा है। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुप्त निगरानी शुरू की और फिर एक विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर में बालू लोड कर ले जाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही चालक और अन्य संलिप्त लोग फरार हो गए।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही इस मामले की सूचना संबंधित खनन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
