सारस न्यूज़, किशनगंज।
वीर शिवाजी सेना राष्ट्रसेवी संगठन की ओर से आज महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वीर शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के शौर्य, दूरदर्शिता और सुशासन की नीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और रणनीति के बल पर स्वराज की स्थापना की और जनता के हित को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन देशभक्ति, स्वाभिमान और संगठन शक्ति का अनुपम उदाहरण है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर “जय भवानी, जय शिवाजी” के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।

संगठन की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी युवाओं को इतिहास से जोड़ने और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
