राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए कायराना आतंकी हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले माँ भारती के वीर सपूतों की शहादत को आज पूरा देश नमन कर रहा है। इसी कड़ी में शहर की सामाजिक संस्था ‘चेतना चैरिटेबल ट्रस्ट’ द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शहर की नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “शहीद जवान अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। ट्रस्ट के सदस्यों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पुलवामा का वह काला दिन देश कभी नहीं भूल सकता, जब हमारे सीआरपीएफ के जांबाज जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। इस सभा में प्रिय रंजन शर्मा, संतोष दास, उमा सिंह, सौरव साहा, शेखर कुमार, सुभमय घोष, सोनू सहित अन्य शहर के कई बुद्धिजीवी, वरिष्ठ नागरिक और युवा भी शामिल हुए।
