राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज: जिला पदाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय कार्य-समूह बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य किसानों और आमजन के बीच जागरूकता फैलाना था, खासकर फसल अवशेष को खेतों में न जलाने के और फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसानों के प्रति।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें जिला वन पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता (प्रभारी आपदा), जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला ग्रामीण विकास पदाधिकारी, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक, और जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा शामिल थे।
बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर फसल अवशेष न जलाने और इसके लाभ के बारे में विस्तृत प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता अभियान किसानों को फसल अवशेष के सही उपयोग के फायदे बताएगा, जिससे पर्यावरण को भी बचाया जा सकेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो सकेगी।