सारस न्यूज, बहादुरगंज, किशनगंज।
जिला पदाधिकारी, किशनगंज के निर्देश पर बहादुरगंज थाना परिसर में ज़मीन से जुड़े छोटे-मोटे विवादों के निपटारे के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र से संबंधित भूमि विवाद के छह मामलों पर दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद अधिकारियों द्वारा तीन मामलों का तुरंत निष्पादन किया गया, जबकि शेष तीन मामलों के लिए अगली तारीख तय की गई।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी बहादुरगंज, आशीष कुमार ने बताया कि भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से आयोजित इस जनता दरबार में पुलिस पदाधिकारियों और अंचल कर्मियों की मौजूदगी में मामलों की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद तीन मामलों को सुलझा लिया गया, जबकि शेष तीन मामलों में संबंधित पक्षों को शांतिपूर्ण तरीके से विवाद सुलझाने और क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-मोटे भूमि विवादों का समाधान कर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना है। अधिकारियों ने जनता दरबार को इस दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।