Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जयश्री प्रभा बनीं अंतर्राष्ट्रीय रेटेड शतरंज खिलाड़ी, पहले ही प्रयास में हासिल की फिडे रेटिं।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज की होनहार छात्रा जयश्री प्रभा ने शतरंज की दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाई है। डुमरिया भट्टा की रहने वाली जयश्री को विश्व शतरंज संस्था फिडे द्वारा 1416 की अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग प्रदान की गई है। यह रेटिंग उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में हासिल की, जो कि अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

जयश्री सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन की पुष्टि जिला शतरंज संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता और आयोजन सचिव कमल कर्मकार ने की। उन्होंने बताया कि जयश्री ने यह रेटिंग सिलीगुड़ी में आयोजित प्रथम सिलीगुड़ी एससीजी फिडे रेटेड क्लासिकल अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेकर प्राप्त की। इस प्रतियोगिता में उनके शानदार खेल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

जिला पदाधिकारी एवं शतरंज संघ के अध्यक्ष विशाल राज ने जयश्री को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस खुशी के मौके पर जयश्री के माता-पिता ओमप्रकाश भास्कर और पिंकी भास्कर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जयश्री के पिता ने बताया कि उनकी बेटी न केवल शतरंज में बल्कि शैक्षणिक गतिविधियों में भी अव्वल रही है। वह पूर्व में रामानुज मैथमेटिक्स अवार्ड, सी. वी. रमन साइंस अवार्ड, और जिला स्तरीय अबाकस अवार्ड जीत चुकी हैं। इसके अलावा वे गणित और विज्ञान की जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी सम्मानित हो चुकी हैं।

जयश्री की इस उपलब्धि पर शतरंज संघ परिवार के सदस्यों—संजय कुमार सुराणा, अभिषेक कुमार, बापी चंद्र बनिक, जयकिशन प्रसाद, गोरा दत्ता, डॉ. लिपि मोदी, सुनीता अग्रवाल, रचना कुमारी, रूबी दत्ता, कविता दास, मोनिका साहा, इजी प्रिया, सोनिका साहा, सुधांशु सरकार, निरोज खान और रोहन कुमार—सहित कई अन्य लोगों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

जयश्री की यह सफलता निश्चित रूप से जिले के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को और मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *