28 फरवरी को पोठिया प्रखंड कार्यालय परिसर में होगा आयोजन
जीविका के तत्वावधान में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा मेला
सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 28 फरवरी, शनिवार को पोठिया प्रखंड कार्यालय परिसर में रोजगार सह स्वरोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत जीविका द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने बताया कि इस मेला में 18 से 35 वर्ष तक के युवक-युवतियाँ भाग लेकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल किया जाएगा। कुछ कंपनियाँ मौके पर ही योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगी।
इस रोजगार मेला में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित कंपनियाँ हिस्सा लेंगी, जिनमें सिक्योरिटी, सेल्स, बीमा, ऑटोमोबाइल, फर्टिलाइज़र और फाइनेंस सेक्टर की कंपनियाँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिला परामर्श सह संसाधन केंद्र और जिला ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भी अपनी सेवाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देंगे।
रोजगार प्रबंधक सतीश कुमार ने जानकारी दी कि युवाओं को कौशल विकास से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं के लिए निःशुल्क आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था उपलब्ध रहती है, ताकि वे बेहतर तरीके से रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कौशल रथ के माध्यम से गांव-पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया है। साथ ही जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और संकुल संघ की बैठकों में भी युवाओं को मेला की जानकारी दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को नई दिशा दें।
