• Wed. Feb 25th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

माननीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा तैयारियों पर संयुक्त ब्रीफिंग।

सारस न्यूज, किशनगंज।
माननीय गृह मंत्री, भारत सरकार अमित शाह के प्रस्तावित किशनगंज दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम की सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनज़र मंगलवार की देर संध्या किशनगंज समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा सह ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से कार्केट मूवमेंट को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को बाह्य सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने कार्केट मूवमेंट एवं सभी क्रिटिकल प्वाइंट्स की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं क्यूआरटी (QRT) टीम को पूर्णतः सक्रिय एवं तत्पर रखने पर बल दिया गया। सभी कार्यक्रम स्थलों को डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सेनीटाइज करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान यह निर्देशित किया गया कि सभी प्रतिनियुक्त कर्मी निर्धारित समय 12:00 बजे तक अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर स्पॉट ब्रीफिंग में भाग लेंगे। प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 400 अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा अन्य जिलों से भी पुलिस बल प्राप्त हुआ है।

अधिकारियों ने सभी कर्मियों को ड्यूटी के दौरान त्रुटिरहित ढंग से कर्तव्य निर्वहन करने तथा मोबाइल फोन के उपयोग से परहेज करने के निर्देश दिए। निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

क्यूआरटी टीम को एमजीएम, जिला परिषद परिसर, हेलिपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात करने तथा दो क्यूआरटी टीम को रिजर्व में रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष चौकसी बरतने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता श्री अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) एवं अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *