राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज किशनगंज शहर के ऐतिहासिक शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी।प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों की रही मौजूदगीसमारोह के दौरान जिले के आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक साथ मंच पर नजर आए। झंडोत्तोलन के समय मुख्य रूप से जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, किशनगंज विधायक कमरुल होदा, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार झा एवं जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
आकर्षण का केंद्र रहीं विभिन्न विभागों की झांकियां
ध्वजारोहण के पश्चात स्टेडियम में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भव्य झांकियां निकाली गईं। इन झांकियों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले के विकास कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और समाज कल्याण विभाग की झांकियों ने दर्शकों का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया।*उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित*गणतंत्र दिवस के इस पावन मौके पर जिले के विकास और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त और जिला पदाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और नागरिकों को मेमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में किशनगंज को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।
