• Wed. Apr 1st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक, आधार सीडिंग और खाद्यान्न वितरण की हुई समीक्षा।

ByHoor Fatma

Feb 12, 2026

सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज, 12 फरवरी 2026: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सबसे पहले लाभुकों के आधार सीडिंग एवं e-KYC की स्थिति पर चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि अब तक लगभग 79 प्रतिशत लाभार्थियों का आधार सत्यापन पूर्ण हो चुका है, जबकि करीब 21 प्रतिशत लाभुकों का सत्यापन अभी शेष है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत आधार सीडिंग एवं e-KYC सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया गया कि तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले सदस्यों का नाम राशन कार्ड से हटाया जा सकता है तथा उन्हें खाद्यान्न लाभ से वंचित किया जाएगा।

फरवरी 2026 माह में खाद्यान्न वितरण की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक लगभग 16.74 प्रतिशत वितरण कार्य पूरा हुआ है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वितरण की गति बढ़ाई जाए ताकि जिला बेहतर प्रदर्शन कर सके। वहीं राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जन वितरण प्रणाली के गोदामों तक खाद्यान्न आपूर्ति 71.08 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया गया कि 20 फरवरी 2026 तक सभी जन वितरण प्रणाली गोदामों में शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

नए राशन कार्ड निर्गमन की समीक्षा में पाया गया कि प्रपत्र ‘क’ के 5,392 तथा प्रपत्र ‘ख’ के 1,832 आवेदन अभी लंबित हैं। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान करें।

बैठक में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा सहायक गोदाम प्रबंधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *