राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
पटना से आई विशेष निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को आईसीडीएस की प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। प्रभारी डीपीओ को उनके डुमरिया भट्टा रोड स्थित किराए के आवास से गिरफ्तार किया गया।
कोचाधामन के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार ने विशेष निगरानी इकाई में प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। विशेष इकाई निगरानी टीम के डीएसपी लव कुमार ने बताया कि सीडीपीओ नागेंद्र कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया था कि पोठिया प्रखंड के सीडीपीओ का प्रभार दिलाने के नाम पर प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी द्वारा 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के उपरांत 18 फरवरी को निगरानी थाना में कांड संख्या 8/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
शुक्रवार को विशेष इकाई निगरानी की टीम ने प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को उनके किराए के आवास से 50 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने प्रभारी डीपीओ के आवास से चार लाख रुपये से अधिक नकद भी बरामद किया है, जिसकी गिनती जारी है।
