• Tue. Mar 24th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज ने इंटर परीक्षा 2026 में रचा कीर्तिमान, 100% विद्यार्थी हुए सफल।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण तब सामने आया जब रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज के छात्रों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया।

विद्यालय से इस वर्ष कुल 133 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें कला संकाय के 50, जीव विज्ञान के 65 तथा गणित संकाय के 18 विद्यार्थी शामिल थे। खास बात यह रही कि सभी 133 परीक्षार्थी सफल रहे, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एक बार फिर साबित हुई।

परिणामों का विश्लेषण करें तो 125 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की, जबकि 8 विद्यार्थियों को द्वितीय श्रेणी प्राप्त हुई। यह उपलब्धि संस्थान में शिक्षा के स्तर और अनुशासन का परिचायक है।

संकायवार उत्कृष्ट प्रदर्शन में कला वर्ग से हशमत रज़ा ने 93.60% अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान (जीव विज्ञान) संकाय में काशिफ कमर ने 82.40% अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन किया। गणित संकाय में जुनैद आलम ने 83.60% अंक प्राप्त कर टॉप किया।

उल्लेखनीय है कि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 4 छात्र हैं, जो सभी कला संकाय से हैं। इसके अलावा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 31 विद्यार्थी हैं, जिनमें कला के 22, जीव विज्ञान के 5 और गणित के 4 छात्र शामिल हैं।

यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय प्रशासन की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था का संयुक्त परिणाम है।

इस शानदार उपलब्धि पर सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, किशनगंज ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय आने वाले वर्षों में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *