सारस न्यूज़, किशनगंज।
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने और आमजन को सुरक्षित रखने के लिए किशनगंज पुलिस ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक (सायबर) किशनगंज के नेतृत्व में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों में लगातार साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में शहर स्थित स्मार्ट अशोक भवन में बच्चों व अभिभावकों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों को निम्नलिखित सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया—
✔️ अपनी व्यक्तिगत जानकारी (आधार, बैंक विवरण, OTP) किसी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें।
✔️ सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग करें और समय-समय पर बदलते रहें।
✔️ केवल अधिकृत साइट/वेबसाइट का ही प्रयोग करें।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी आए दिन लोगों को धोखा देने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। ऐसे में हर नागरिक का सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
किशनगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि—
👉 किसी भी अज्ञात लिंक, व्हाट्सएप ग्रुप या टेलीग्राम चैनल से सावधान रहें।
👉 नौकरी, इनाम या निवेश के नाम पर मांगी गई राशि को बिना पुष्टि किसी को न भेजें।
👉 साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की तत्काल जानकारी टोल फ्री नंबर 1930 या साइबर थाना/स्थानीय थाना में दें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि—
“किशनगंज पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सेवा में सदैव तत्पर है। नागरिकों का सहयोग ही साइबर अपराध रोकने में सबसे बड़ी ताकत है।”
📌 इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भाग लिया और साइबर सुरक्षा को लेकर शपथ भी ली।