सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज में सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच किशनगंज पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे Facebook और Instagram पर वायरल हो रहे वीडियो और फोटो, जिनमें एलपीजी गैस की भारी कमी दिखाई जा रही है, भ्रामक हैं और वास्तविक स्थिति इससे अलग है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर की अतिरिक्त खरीदारी न करें, क्योंकि सभी वितरकों के पास मांग के अनुसार गैस की उपलब्धता बनी हुई है।

जारी सूचना में यह भी कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ Essential Commodities Act की धारा-7 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 1 से 7 वर्ष तक की सजा या जुर्माने का प्रावधान है।
किशनगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो या अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कहीं गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस, डायल 112 या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना डर के प्रशासन को सहयोग कर सकें।
