• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती में सहयोगी संस्थाओं की भूमिका अहम, यूनिसेफ एवं सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से पूर्ण टीकाकरण में जिला सूबे में दूसरे स्थान पर।

प्रथम स्थान के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग और साझेदार संस्थाएं प्रतिबद्ध

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने में सहयोगी संस्थाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। तकनीकी सहयोग, फील्ड सपोर्ट और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता के माध्यम से यूनिसेफ सहित अन्य सहयोगी संस्थाएं स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को मजबूती प्रदान कर रही हैं। इन समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि जिला आज पूर्ण टीकाकरण के क्षेत्र में राज्य में अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।

स्वास्थ्य विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जिले में आयोजित समीक्षा सह योजना बैठक का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में वर्ष 2025 में किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पूर्ण टीकाकरण में उपलब्धि पर गर्व, प्रथम स्थान का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि सहयोगी संस्थाओं के निरंतर सहयोग और स्वास्थ्य विभाग की टीमवर्क के कारण जिला आज पूरे सूबे में पूर्ण टीकाकरण के मामले में दूसरे स्थान पर है, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। अब हमारा लक्ष्य प्रथम स्थान प्राप्त करना है और इसके लिए सभी को और अधिक समर्पण के साथ कार्य करना होगा। वहीं कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने कहा कि नियमित टीकाकरण, माइक्रोप्लानिंग, फील्ड मॉनिटरिंग और समुदाय के साथ सतत संवाद को और मजबूत किया जाएगा।

यूनिसेफ और सहयोगी संस्थाओं का प्रभावी योगदान

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बैठक में बताया कि यूनिसेफ द्वारा नियमित टीकाकरण, कोविड टीकाकरण, सामुदायिक बैठकों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों और निगरानी तंत्र को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। यूनिसेफ के फील्ड स्तर के कर्मियों ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में निरंतर कार्य किया है।

स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में समन्वय पर जोर

इस अवसर पर सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन एवं डीपीओ आईसीडीएस अनीता कुमारी भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस के बीच बेहतर समन्वय से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. प्रीतम घोष, सहयोगी संस्थाओं सिफार, पीएसआई इंडिया, पिरामल स्वास्थ्य के प्रतिनिधि सहित यूनिसेफ की ओर से एसएमसी एजाज अफजल, डीपीएम डॉ. मुनाजिम, डीसीएम सुमन सिन्हा एवं डीपीसी विश्वजीत कुमार उपस्थित रहे। सभी ने वर्ष 2025 में किए गए कार्यों का प्रस्तुतीकरण करते हुए टीकाकरण, निगरानी, क्षमता निर्माण और जनजागरूकता अभियानों की प्रगति की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यूनिसेफ और अन्य सहयोगी संस्थाओं के साथ यह साझेदारी जिले को स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ाने में निर्णायक साबित हो रही है। आने वाले समय में इन प्रयासों को और गति देकर जिले को स्वास्थ्य संकेतकों में राज्य में शीर्ष स्थान दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *