• Fri. Mar 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला परिवहन टास्क फोर्स की बैठक में ट्रैफिक सुधार और सड़क सुरक्षा पर लिए गए अहम फैसले।

ByHoor Fatma

Jan 20, 2026

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला परिवहन टास्क फोर्स एवं परिवहन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, लंबित मामलों, ट्रैफिक जाम की समस्या और अवैध अतिक्रमण पर गहन चर्चा हुई।

बैठक के दौरान वर्ष 2022 से 2026 तक दर्ज सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्राथमिकी की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि iRAD पोर्टल पर दर्ज सभी मामलों को अनिवार्य रूप से eDAR पोर्टल पर अपलोड किया जाए। जानकारी दी गई कि iRAD पर कुल 347 मामले दर्ज हैं, जबकि अब तक eDAR पर 183 मामलों की ही प्रविष्टि हो सकी है।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा में बताया गया कि कुल 113 मामलों में से 68 को मुआवजा भुगतान हेतु GIC भेजा गया है, 36 मामलों को अयोग्य और 09 मामलों को योग्य की श्रेणी में रखा गया है। वहीं नॉन हिट एंड रन मामलों में 221 में से 186 मामले न्यायाधिकरण को भेजे जा चुके हैं, जबकि 17 लंबित एवं 18 अयोग्य पाए गए हैं।

बैठक में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने और प्रत्येक सप्ताह कम-से-कम दो बड़े फाइन ड्राइव आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत कराने तथा साइन बोर्ड और स्ट्रीट लाइट की कमी वाले स्थानों पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

फल चौक, पश्चिमपाली सहित अन्य इलाकों में सड़क पर दुकान लगाने से उत्पन्न हो रही बाधाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार रेलवे स्टेशन रोड के दोनों ओर दुकानों के कारण यातायात प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए विशेष फाइन ड्राइव चलाने का आदेश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने आगामी एक माह के लिए फाइन ड्राइव की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा 26 जनवरी से पूर्व शहर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर रेलिंग की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने और रात्रि में डायवर्सन को स्पष्ट रूप से दर्शाने के लिए संकेत बोर्ड एवं रेलिंग लगाने पर भी जोर दिया गया। संबंधित डायवर्सन की सूची स्थानीय थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में मोटरयान निरीक्षक (MVI) को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने, दोपहिया वाहनों की जांच बढ़ाने तथा बहादुरगंज थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हालिया सड़क दुर्घटनाओं की नियमित निगरानी कर समयबद्ध एवं सटीक रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर बल दिया गया।

बैठक में अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO), पुलिस पदाधिकारी सहित परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *