राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट के प्रति लापरवाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह आम जनता हो या स्वयं पुलिस महकमा।
कल दिनांक 10 अप्रैल 2026 को आयोजित अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी संतोष कुमार ने जिले में सड़क हादसों में हो रही मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्देश दिया था कि आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी, कर्मी, मीडिया कर्मी और सरकारी कर्मचारियों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का असर धरातल पर दिखाई दिया। यातायात पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान किशनगंज में तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और एक महिला सिपाही बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़े गए। नियमों की अवहेलना करने पर मौके पर ही इन पुलिसकर्मियों का चालान काटा गया।
पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने साफ कर दिया है कि चेकिंग अभियान में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। मीडिया कर्मी हों या सरकारी अधिकारी, यदि वे बिना हेलमेट पाए जाते हैं तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।
किशनगंज पुलिस ने अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए मोटरसाइकिल चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। यह आपकी जान बचाने के लिए है, केवल चालान से बचने के लिए नहीं। नियमों का पालन न करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा।
