राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा प्रत्येक सप्ताह विभिन्न पंचायतों में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में शनिवार को मझिया कुम्हार टोली, किशनगंज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, नालसा की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ दिनांक 08 मार्च 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। जागरूकता कार्यक्रम का संबोधन पैनल अधिवक्ता श्रीमती संगीता मानव और पारा विधिक स्वयंसेवक श्री ईरशाद आलम ने किया।
कार्यक्रम में गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) घोरडिगहा प्रखंड स्वराज्य विकास संघ ने भी सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने बाल मजदूरी और बाल विवाह जैसे मुद्दों की रोकथाम पर चर्चा की। साथ ही प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों और उनके परिवारों के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।