सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किशनगंज में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और वे बिना किसी परेशानी के गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आयोजित एक बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में 10 हजार से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि गैस एजेंसियों के माध्यम से होम डिलीवरी की सुविधा पूरी तरह बहाल कर दी गई है। अब उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है, वे घर बैठे ही गैस बुक कर सकते हैं और उन्हें 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है।
बुकिंग व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद ही अगली बुकिंग कर सकते हैं, ताकि सभी को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। एलपीजी से जुड़ी समस्याओं के लिए लोग 06456-225152 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, आज प्राप्त सभी 6 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे प्रशासन से संपर्क करें।
