राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
विश्व कल्याण दिवस के पावन अवसर पर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। इस आयोजन में लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कर विश्व शांति का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नई दिल्ली के विज्ञान भवन में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया।
इसी क्रम में स्थानीय तेरापंथ भवन में समग्र जैन समाज द्वारा विशेष नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में लगभग 150 भाई-बहनों ने सहभागिता करते हुए विश्व कल्याण हेतु अपनी जागरूक उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक जागरूकता फैलाना एवं नवकार महामंत्र के माध्यम से विश्व में शांति, सद्भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था।
उपस्थित साधकों ने सामूहिक रूप से महामंत्र का जाप किया और समस्त विश्व के मंगल की कामना की। कार्यक्रम में सभा मंत्री कमल जी दफ्तरी, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष संतोष देवी दुग्गड़, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष रोहित दफ्तरी, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष विनीत दफ्तरी, अणुव्रत समिति की अध्यक्ष रश्मि बैद, अभातेयूप के निवर्तमान महामंत्री मनीष दफ्तरी और समस्त जैन समाज ने शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया। तत्पश्चात महिला मंडल अध्यक्ष संतोष देवी दुग्गड़ ने सभी का आभार ज्ञापन किया एवं महावीर जयंती के जुलूस के बारे में भी सभी को जानकारी दी।