Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद कार्यक्रम बना महिलाओं की आकांक्षाओं का सशक्त मंच।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज जिला में 18 अप्रैल से शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 24,201 आकांक्षाएँ दर्ज की गई हैं। महिला संवाद मोबाइल ऐप के माध्यम से इन आकांक्षाओं को कार्यक्रम में दर्ज किया जा रहा है। दर्ज आकांक्षाओं को सरकार के संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे इन आकांक्षाओं पर आगे कार्य निष्पादन किया जा सके। महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ उत्साह से भाग ले रही हैं, अपनी बातें साझा कर रही हैं और अपनी आकांक्षाएँ दर्ज करा रही हैं। यह कार्यक्रम टोला, गाँव और समाज के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहा है। महिलाओं की भागीदारी संवाद कार्यक्रम को उद्देश्यपूर्ण बना रही है। आत्मविश्वास से भरी महिलाएँ संवाद कार्यक्रम को विकासोन्मुख बना रही हैं।

1,009 ग्राम संगठनों में अब तक महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है, जिसमें एक लाख सत्तर हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। लाखों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी, महिला संवाद कार्यक्रम को प्रभावी बना रही है। चरणबद्ध तरीके से यह कार्यक्रम 1,262 ग्राम संगठनों में आयोजित किया जाना है। किशनगंज जिले के सभी सात प्रखंडों में, दोनों पालियों — सुबह और शाम में — महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को उन्नीस ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महिला संवाद कार्यक्रम में बहादुरगंज प्रखंड के पलासमनी पंचायत की जुबेदा बेगम ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे खेती और पशुपालन का काम करती हैं। स्वयं सहायता समूह से एक रुपये ब्याज दर पर ऋण लेकर उन्होंने इस काम में तरक्की की है। दूध और फसल की बिक्री से अच्छी कमाई हो जाती है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं। उन्हें अब ऋण लेकर स्वरोजगार करने के लिए किसी महाजन के भरोसे नहीं रहना पड़ता है।

महिला संवाद कार्यक्रम में जागरूकता वाहन के माध्यम से वीडियो फ़िल्म दिखाकर महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। योजना की जानकारी युक्त लीफ़लेट उनके बीच वितरित किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई है। महिला संवाद कार्यक्रम, महिलाओं के लिए विचार, सुझाव, आकांक्षा व्यक्त करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *