राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले में शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ उत्पाद विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने एक कार से 192 लीटर विदेशी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया।
उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि उनकी टीम किशनगंज मुख्यालय के ब्लॉक चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार तेज कर दी और भागने का प्रयास किया।
उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब कार की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से भारी मात्रा में 192 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
विभाग ने शराब और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि फरार चालक और तस्करी के मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
