राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान जनता दल यूनाइटेड में शामिल होंगे। 28 मई को किशनगंज में प्रस्तावित जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान की मौजूदगी में नप अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान अपने समर्थकों के साथ जदयू में शामिल होंगे। सोमवार को पत्रकार वार्ता कर उन्होंने कहा कि बिहार के विकास पुरुष के साथ वो कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले बिहार बदहाल था और आज सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का निरंतर विकास हो रहा है। बिहार का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार को जंगल राज में बदहाली से निकालने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है। इसी से प्रभावित होकर मैं जदयू में शामिल हो रहा हूँ। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास में सरकार का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि वो जनवरी महीने में ही जदयू में शामिल होना चाहते थे लेकिन किसी कारणवश विलंब हुआ। नप अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि उनके साथ कई पार्षद भी जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे और इससे नगर के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि किशनगंज में सम्राट अशोक भवन में प्रस्तावित जदयू प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी मंत्री जमा खान का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसकी पूरी तैयारी की जा रही है।
