राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
देश की आज़ादी में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर किशनगंज शहर के डुमरिया वार्ड संख्या 30 में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय निवासियों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपने नायक को याद किया।
शान से फहराया गया तिरंगा
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं सुप्रसिद्ध समाजसेवी जीवन कृष्ण सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराने के बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाया और “नेताजी अमर रहें” व “जय हिंद” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इसके पश्चात नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समाजसेवी जीवन कृष्ण सिंह ने कहा कि आज का दिन हमें नेताजी के उस साहस की याद दिलाता है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” का उनका आह्वान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। समाज के हर व्यक्ति को, विशेषकर युवाओं को, नेताजी के अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में उतारना चाहिए। सच्ची समाज सेवा वही है, जहां हम अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर देश और समाज के हित के बारे में सोचें।
श्रद्धांजलि सभा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। इस मौके पर मुख्य रूप से जयंतो साहा, विद्युत सिंह, आनंदी कुमार दास, संदीप कुमार, दीपक कुमार, विशाल पाल, अनुप दे समेत भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि वे नेताजी के पदचिन्हों पर चलते हुए समाज की उन्नति में अपना योगदान देंगे।
