सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज जिले में हाल के दिनों में पुलिस प्रशासन की बढ़ी हुई सक्रियता को लेकर आमजन में नई उम्मीद जगी है। खासकर संवेदनशील चिकन नेक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों को भरोसा है कि प्रशासन अब ठोस और निर्णायक कार्रवाई करेगा। उक्त बातें कहते हुए सुरजापुरी विकास मोर्चा के अध्यक्ष ताराचंद धानुका ने कहा कि आपके आगमन के बाद महज दो-चार दिनों में जिस तरह जिला पुलिस सक्रिय हुई है, उससे लोगों को सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद बंधी है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस ने ठाकुरगंज नगर के समीप मुंशीभिट्ठा क्षेत्र में छापेमारी कर जाली आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और इसमें संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी भी की। यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि यदि एजेंसियां गंभीरता से जांच करें तो संगठित अपराधों की जड़ तक पहुंचा जा सकता है। वहीं इसके विपरीत, ठाकुरगंज क्षेत्र में बीते समय चार-चार मंदिरों में चोरी और कई घरों से बड़ी मात्रा में संपत्ति चोरी की घटनाएं हुईं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे स्थानीय लोगों में निराशा और असंतोष भी है।
ताराचंद धानुका ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में साइबर अपराध, ड्राई नशे का अवैध कारोबार तथा इसके थोक व्यापारियों का नेटवर्क सक्रिय है, जो युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों की गहराई से जांच की जाए तो संगठित अपराध के पीछे छिपी बड़ी-बड़ी मछलियां भी सामने आ सकती हैं।
इसके अलावा उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बीते दो-तीन वर्षों में केरल से आए कुछ लोगों द्वारा क्षेत्र में स्कूलों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें अधिकतर एक ही समुदाय के बच्चों का नामांकन है। उन्होंने मांग की कि इन संस्थानों की पृष्ठभूमि, संचालन, फंडिंग और उद्देश्य की भी प्रशासनिक स्तर पर गंभीर जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या सामाजिक असंतुलन की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
सुरजापुरी विकास मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चिकन नेक जैसे संवेदनशील इलाके में विशेष निगरानी, नियमित छापेमारी, लंबित चोरी के मामलों का शीघ्र उद्भेदन तथा साइबर अपराध व नशा तस्करी के नेटवर्क पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कदम उठाए तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आम जनता का विश्वास और अधिक बढ़ेगा।
