राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के कालू चौक की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार नेहा की शादी तीन साल पहले सन्नी गुप्ता से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। नेहा का एक दो वर्षीय बेटा भी है। लेकिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

परिजनों के अनुसार नेहा का शव कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला था। परिजनों की नजर पड़ते ही उसे फंदे से उतारकर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के नाना और मामा संतोष सिंह ससुराल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो नेहा का शव कमरे में पलंग पर सोई अवस्था में रखा हुआ था। वहीं ससुराल पक्ष के लोग इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं। पति सन्नी गुप्ता सदमे में है और बोलने की स्थिति में नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति सन्नी गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि पति को हिरासत में लिया गया है और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मृतका के परिजन और पति दोनों गहरे सदमे में हैं।
