राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार दिवस के गौरवशाली अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहर के खगड़ा स्थित अशफाक उल्लाह खाँ स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी विशाल राज एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्टेडियम परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जिले की उपलब्धियों की जानकारी ली। किशनगंज शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक लोक नृत्य, संगीत और नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के हुनर और बिहार की संस्कृति की झलक ने पूरे स्टेडियम को तालियों की गड़गड़ाहट से भर दिया।
