सारस न्यूज, किशनगंज।
नगर परिषद वार्ड संख्या 11 स्थित सरकारी श्री भूतनाथ गौशाला में मंगलवार को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में पशु बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय–2 कार्यक्रम के अंतर्गत बेहतर पशु स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुओं में बढ़ते बांझपन रोग पर नियंत्रण करना एवं पशुपालकों को आधुनिक पशु स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का आयोजन अनुमंडलीय पशु चिकित्सालय द्वारा किया गया।
शिविर का उद्घाटन अनिकेत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह अध्यक्ष भूतनाथ गौशाला किशनगंज, डा. सतीश कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी किशनगंज तथा राकेश जैन, गौशाला सदस्य द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर डा. गुणानंद प्रसाद सिंह, प्रभारी पशु शल्य चिकित्सक ने पशुओं में होने वाले बांझपन के कारणों, उपचार एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में प्रभारी डा. गुणानंद प्रसाद सिंह के साथ डा. विमलेश, मोबाइल वेटनरी यूनिट प्रभारी, सुबोध कुमार, विश्वनाथ सिंह, मनोज कुमार, सत्यनारायण यादव, नजीर आलम सहित कई पशुपालन कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन को लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी।
