Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय, कजलामणि छैतनटोला, किशनगंज में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओम शंकर, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज ने की।

इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को उनके अधिकारों और सरकार द्वारा दी जाने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना था। सचिव महोदय ने इन वर्गों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक विकास से संबंधित योजनाएं इन वर्गों के कल्याण के लिए चलाई जा रही हैं।

सचिव महोदय ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को मुफ्त विधिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने नालसा की आदिवासी अधिकारों का संरक्षण और प्रवर्तन योजना, 2015 पर भी चर्चा की। इस योजना का उद्देश्य आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें प्रवर्तित करना है। यह योजना आदिवासी समुदायों को विधिक सेवाएं प्रदान करने और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है।

इसके अतिरिक्त, दिनांक 14 दिसंबर 2024 को व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई। मुफ्त विधिक सलाह के लिए नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम का समापन सलोमी मरांडी, शिक्षिका, द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पैनल अधिवक्ता जय किशन प्रसाद, अधिवक्ता कारलोस मरांडी, प्राथमिक विद्यालय, कजलामणि छैतनटोला की प्रधानाध्यापिका प्रभारी तकदिस बानो और अन्य शिक्षकगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जागरूकता कार्यक्रम में छैतनटोला के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के सदस्यगण ने भाग लेकर इसे सफल बनाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के कर्मी राजीव कुमार दीक्षित और अधिकार मित्र राजेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पंपलेट वितरित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *