• Sun. Mar 22nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज, 9 अक्टूबर 2024: महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार आज किशनगंज जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शहीद अशफाक उल्ला ख़ाँ स्टेडियम, खगड़ा, किशनगंज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त स्पर्श गुप्ता, और जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह के बाद जिलाधिकारी ने गुब्बारे उड़ाकर बेटियों को सदा ऊँचाइयों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में नई जागरूकता आती है, चाहे वह कला, संस्कृति, या खेल के क्षेत्र में हो। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि बच्चे खेलकूद और कला-संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सम्मान और पुरस्कार प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने जिले में खेल अवसंरचना का जिक्र करते हुए बच्चों से खेलों में अधिक रुचि लेने की अपील की।

प्रतियोगिता में कबड्डी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। इसमें किशनगंज जिले के मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और अंबेडकर विद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को मोमेंटो और ट्रैक सूट देकर पुरस्कृत किया गया।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी अजमल ख़ुर्शीद ने बताया कि महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा बेटियों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से छात्राओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण का ध्यान रखा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे वन स्टॉप सेंटर, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन, और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एमडीएम), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, किशनगंज जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला मिशन समन्वयक, वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक, जेंडर स्पेशलिस्ट, महिला पर्यवेक्षिकाएं, और विभिन्न सरकारी स्कूलों के शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *